जयपुर, 2 सितम्बर | आम आदमी पार्टी ने आज राजस्थान के स्थानीय चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र जारी किया जिसमें भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देने का वादा किया गया है. साथ ही निगमों, परिषदों और पालिकाओं के जरिए शहर को स्वच्छ हवा, स्वच्छ पानी, अतिक्रमण मुक्त व्यवस्था देने पर जोर दिया गया है | पार्टी के प्रभारी धीरज टोकस ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव आम जनता के जीवन को सीधे प्रभावित करने वाला चुनाव है। राजस्थान ही नहीं पूरे देश में लोकल बॉडीज गवर्नमेंट भ्रष्टाचार के कारण जनता को वो सुविधाएं और सेवाएं देने में असफल हैं जो उनको देनी चाहिए. शहर की शिक्षा, प्लानिंग, स्वास्थ्य, सफाई, सड़क, फुटपाथ, सार्वजनिक परिवहन, प्रदूषण, पार्किंग, व्यापारिक सुविधाएँ, निर्माण अनुमति, और पेयजल* जैसी मूलभूत व्यवस्थाएँ नगर निकाय के कामकाज से सीधे जुड़ी हैं। इसी कारण AAP ने अपने घोषणा-पत्र में स्थानीय स्तर पर प्रभावी और जवाबदेह व्यवस्था को प्राथमिकता दी है।
घोषणा पत्र में शिक्षा, भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन और सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई है। पार्टी का मानना है कि आज के स्कूलों में तैयार होने वाली पीढ़ी ही कल के राजस्थान के शहरों और समाज का निर्माण करेगी। नगर निकायों के अधीन आने वाली शिक्षा व्यवस्था में बेहतर आधारभूत सुविधाओं के साथ आधुनिक शिक्षा, डिजिटल सुविधाओं और Skill Development एवं Career Guidance पर जोर दिया जाएगा। हम लोकल बॉडीज के तहत ऐसी प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था का उदाहरण पेश करेंगे, जहां बच्चे मानसिक रूप से सक्षम, जागरूक और वैज्ञानिक सोच के साथ आगे बढ़ने में सक्षम हों | शहरों में बढ़ते प्रदूषण को कम करने के लिए रोज का कचरा उसी दिन डिस्पोज करने, सड़कों पर वाहनों के प्रदूषण को कम करने पर जोर दिया गया है |
