जयपुर, 28 अक्टूबर | जयपुर के चांदपोल स्थित प्रसिद्ध परकोटा गणेश मंदिर में आज प्रथम पूज्य भगवान गणेश का वार्षिक पाटोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। पाटोत्सव में भगवान गणपति का विशेष अभिषेक, भव्य शृंगार, फूल बंगला झांकी और छप्पन भोग के दर्शन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहा । इस अवसर पर महंत अमित शर्मा के सानिध्य में भगवान गणपति का विभिन्न तीर्थों के जल एवं गुनगुने जल से पंचामृत अभिषेक किया गया। अभिषेक के पश्चात प्रथम पूज्य का आकर्षक फूल बंगला सजाया गया और भगवान को नवीन पोशाक के साथ चांदी का मुकुट धारण कराया गया ।
पाटोत्सव के अवसर पर प्रथम पूज्य के समक्ष छप्पन भोग की भव्य झांकी सजाई गई। संत-महंतों के सानिध्य में भगवान गणेश की महाआरती का आयोजन हुआ। वहीं, महंत परिवार की ओर से संतों का माला, दुपट्टा, प्रसाद और गणेश जी की छवि भेंट कर स्वागत-सम्मान किया गया । इस दौरान स्थानीय भजन गायकों द्वारा सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां देकर प्रथम पूज्य का गुणगान किया गया । पाटोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों और रंग-बिरंगी लाइटिंग से सजाया गया । धार्मिक आयोजनों के बीच पूरा मंदिर परिसर गणपति भक्ति और उत्सव के रंग में सराबोर नजर आए |
