कानपुर / जयपुर, 22 अक्टूबर | कानपुर में आयोजित 8वें ऑल इंडिया एडवोकेट्स क्रिकेट टूर्नामेंट में राजस्थान हाईकोर्ट रॉयल लॉयर्स क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्लेट ग्रुप में उप विजेता का खिताब हासिल किया। कप्तान एडवोकेट अमित छंगाणी और उपकप्तान अमित पारीक के नेतृत्व में टीम ने अनुशासन, खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान का गौरव बढ़ाया।
क्लब के सदस्य महेश दुबे , विलियम पाठक, पवन कुमार पाण्डेय और सुभाष सैनी ने बताया कि इलाहाबाद हाई कोर्ट स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा इंडियन एडवोकेट्स स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का शुभारंभ सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति विक्रम नाथ एवं इलाहाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण भंसाली ने किया। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हाई कोर्ट की कुल 12 टीमों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
राजस्थान हाईकोर्ट रॉयल लॉयर्स क्रिकेट क्लब ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान बेहतरीन टीमवर्क और प्रतिस्पर्धात्मक खेल भावना का परिचय दिया। प्लेट ग्रुप में उपविजेता बनना टीम की निरंतर मेहनत, सामूहिक प्रयास और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। क्लब के लिए यह उपलब्धि विशेष महत्व रखती है। टूर्नामेंट के आठ संस्करणों में राजस्थान हाईकोर्ट रॉयल लॉयर्स क्रिकेट क्लब अब तक तीन बार उपविजेता और दो बार सेमीफाइनलिस्ट रह चुका है। यह उपलब्धि राष्ट्रीय स्तर पर क्लब की निरंतर मजबूत उपस्थिति और क्रिकेट के प्रति अधिवक्ताओं के उत्साह को दर्शाती है।
