जयपुर, 15 अक्टूबर । जयपुर के नारायण विहार थाने में ऑल कोचिंग इंस्टीट्यूट महासंघ के अध्यक्ष अनीष कुमार की शिकायत पर जान से मारने की धमकी देने और षड्यंत्र रचने के आरोपों के संबंध में एफआईआर संख्या 0437/2026 दर्ज की गई है। एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 55 और 61(2) अंकित हैं। शिकायत के अनुसार, गोपालपुरा बाईपास क्षेत्र के कोचिंग संस्थानों को प्रताप नगर स्थित नए कोचिंग हब में स्थानांतरित करने के मुद्दे पर मतभेद चल रहे हैं। महासंघ अध्यक्ष अनीष कुमार का कहना है कि वे कोचिंग हब में स्थानांतरण के पक्ष में हैं, लेकिन वहां निर्धारित दरों को अधिक बताते हुए उनमें कमी की मांग कर रहे हैं। इसी विषय पर संबंधित अधिकारियों से सामूहिक रूप से मिलने की पहल के दौरान विवाद सामने आया।
कुमार ने आरोप लगाया है कि 6 अक्टूबर 2026 को राजस्थान कोचिंग एसोसिएशन, जयपुर के महासचिव एन.के. झा से फोन पर बातचीत के बाद कॉल डिस्कनेक्ट नहीं हुई और आगे हुई बातचीत में उन्हें नुकसान पहुंचाने तथा जान से मारने की धमकी जैसी बातें सुनाई दीं। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग भी उनके पास उपलब्ध है। इसी आधार पर उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
संयुक्त अभिभावक संघ ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि यदि कोचिंग व्यवस्था से जुड़े संगठनों के पदाधिकारियों के बीच ही इस स्तर के आरोप सामने आ रहे हैं, तो विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की सुरक्षा को लेकर चिंता होना स्वाभाविक है। कोचिंग सेंटरों में पढ़ने वाले विद्यार्थी अपने भविष्य के निर्माण के लिए संस्थानों पर भरोसा करते हैं। ऐसे में संस्थानों के संचालन, विवादों के समाधान और विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए जवाबदेही सुनिश्चित करना जरूरी है।
