नई दिल्ली। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्रालय की सुरक्षा समिति के सदस्य डॉ. निर्मल जैन ने दिल्ली दौरे के दौरान केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच देश के वर्तमान हालात, विभिन्न राजनीतिक मुद्दों और बदलते राजनीतिक परिदृश्य को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। वहीं मौजूदा समय में चर्चा में चल रहे जेन-जी से जुड़े मुद्दों को लेकर भी दोनों के बीच चर्चा हुई। इस दौरान बीजेपी नेता आलोक पारीक भी मौजूद रहे।
डॉ. निर्मल जैन ने बताया कि चर्चा के दौरान राजस्थान की राजनीतिक परिस्थितियों और प्रदेश में प्रस्तावित निकाय एवं पंचायत चुनाव को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।उन्होंने दावा किया कि आगामी निकाय एवं पंचायत चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को प्रदेशभर में प्रचंड जीत हासिल होगी। भाजपा संगठन की मजबूती और सरकार के विकास कार्यों के आधार पर पार्टी चुनाव में मजबूत स्थिति में है। मुलाकात को आगामी चुनावों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। केंद्र और प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों के साथ-साथ जमीनी स्तर पर संगठन की सक्रियता को लेकर भी चर्चा हुई।
