जयपुर, 18 अगस्त । राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (NIA) जयपुर के आयुर योग एवं प्रिवेंटिव कार्डियोलॉजी विभाग ने आज मंगलम विद्यापीठ सीनियर सेकेंडरी स्कूल जयपुर में हृदय रोग जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 250 विद्यार्थियों ने लाभ प्राप्त किया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों को हृदय रोगों से बचाव, स्वस्थ जीवनशैली तथा आपातकालीन स्थिति में प्राथमिक उपचार के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में विभाग के वरिष्ठ परामर्शदाता प्रो. डॉ. राम किशोर जोशी ने हृदय रोगों के कारण, लक्षण, बचाव एवं स्वस्थ दिनचर्या पर विस्तृत व्याख्यान दिया। उन्होंने संतुलित आहार एवं तनाव मुक्त जीवन शैली को हृदय स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।
एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. दीप्ति बिष्ट ने सीपीआर (Cardiopulmonary Resuscitation) का महत्व समझाते हुए डमी पर इसका लाइव प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने सीपीआर की प्रक्रिया को समझा एवं उसका अभ्यास किया। योग सत्र में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रोहित कुमार एवं विभाग के अध्येता डॉ. उत्कर्ष गुप्ता एवं डॉ. स्पूर्ति ने लगभग 250 छात्र-छात्राओं को सामूहिक योगाभ्यास करवाया। प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया तथा हृदय स्वास्थ्य एवं स्वस्थ जीवनशैली में योग की उपयोगिता को समझा। कार्यक्रम में उपस्थित चिकित्सकों ने विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर देकर उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने एवं हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय प्रशासन ने इस उपयोगी कार्यक्रम के आयोजन के लिए राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के आयुर योग एवं प्रिवेंटिव कार्डियोलॉजी विभाग की टीम का आभार व्यक्त किया।
