जयपुर, 12 अगस्त।मंदिर श्री गीता गायत्री में पंडित राजकुमार चतुर्वेदी के सानिध्य में चल रहे शिव महापुराण कथा एवं सवा लाख बेलपत्र अर्पण महोत्सव के अंतर्गत हरियाली अमावस्या के शुभ अवसर पर भगवान भोलेनाथ को विधि-विधानपूर्वक बेलपत्र अर्पित किए गए। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का पूजन कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की मंगलकामना की। इस अवसर पर पुख्य नक्षत्र के शुभ संयोग में गणेश जी महाराज का सिंदूरी चोला चढ़ाकर नैना विराम श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर में भगवान शिव एवं गणेश जी के जयकारों से भक्तिमय वातावरण बना रहा।
मंदिर प्रवक्ता नीतीश चैतन्य चतुर्वेदी ने बताया कि भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक प्रणामी सहित अनेक संत-महंत एवं गणमान्य व्यक्तियों ने भगवान भोलेनाथ को बेलपत्र अर्पित कर शिव महापुराण कथा का श्रवण किया। इनमें घाट बालाजी के सुदर्शन आचार्य, नहर के गणेश मंदिर के मानव जयकुमार, सिद्धिविनायक के नवीन शर्मा, परकोटा गणेश मंदिर के अमित शर्मा, समाजसेवी सुरेश मिश्रा, सुदीप तिवारी, गोनेर के जगदीश, महंत राजेंद्र, डॉ. एस.पी. यादव तथा सब्जी मंडी के हीरालाल सैनी सहित अनेक श्रद्धालु शामिल रहे।
