जयपुर, 12 अगस्त । राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (मानद विश्वविद्यालय), जयपुर ने आयुर्वेद, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल तकनीक, डेटा आधारित स्वास्थ्य सेवाओं एवं स्कूल वेलनेस के क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वेलविज इनोवेशन, नोएडा के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते का उद्देश्य आयुर्वेद की पारंपरिक ज्ञान परंपरा को आधुनिक विज्ञान, AI एवं डिजिटल तकनीक के साथ जोड़कर निवारक एवं स्वास्थ्य संवर्धन आधारित चिकित्सा के लिए नवीन एवं प्रभावी मॉडल विकसित करना है। एआई एवं डेटा आधारित तकनीकों के माध्यम से स्वास्थ्य एवं वेलनेस से जुड़े विभिन्न मानकों के आकलन, विश्लेषण एवं अध्ययन को मजबूत किया जाएगा तथा प्रासंगिक आयुर्वेदिक सिद्धांतों को आधुनिक डिजिटल फ्रेमवर्क से जोड़ा जाएगा।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. संजीव शर्मा, कुलसचिव प्रो. अनिता शर्मा, रसशास्त्र एवं भैषज्य कल्पना विभागाध्यक्ष प्रो. अनुपम श्रीवास्तव एवं उपनिदेशक (प्रशासन) चंद्रशेखर शर्मा उपस्थित रहे। वहीं वेलविज इनोवेशन की ओर से डायरेक्टर ऑपरेशंस पुनीता बंसल, डॉ. दिव्या शारद एवं सोहेल शेख ने सहभागिता की। एमओयू के तहत पायलट प्रोजेक्ट, क्षमता निर्माण, ज्ञान एवं विशेषज्ञता का आदान-प्रदान, अनुसंधान एवं नवाचार को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही, आयुर्वेद एवं डिजिटल स्वास्थ्य के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग की संभावनाओं का भी पता लगाया जाएगा। स्कूल वेलनेस को भी प्रमुख क्षेत्र के रूप में शामिल किया गया है, जिसके अंतर्गत बच्चों एवं युवाओं के लिए आयुर्वेद आधारित स्वस्थ जीवनशैली एवं निवारक स्वास्थ्य से जुड़े नए मॉडल विकसित किए जाएंगे।
