जयपुर, 12 अगस्त। गाय संपूर्ण विश्व की माता है। इसी सनातन भावना को साकार करते हुए हरियाली अमावस्या के पावन पर्व पर दूदू क्षेत्र में भक्ति, पर्यावरण और जीवदया का एक अद्भुत संगम देखने को मिला। श्री श्याम गौ सेवा परिवार समिति के तत्वावधान में दूदू क्षेत्र के स्थित श्री सीताराम जी गौशाला में एक विशेष गो-सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हरियाली अमावस्या के शुभ अवसर पर जहाँ लोग प्रकृति के पूजन और धार्मिक अनुष्ठानों में लीन थे, वहीं समिति के कार्यकर्ताओं ने बेजुबान गोवंश के पोषण का संकल्प निभाया। समिति की ओर से गौशाला में आश्रित गोवंश के लिए एक गाड़ी हरा एवं सूखा चारा, पौष्टिक गुड़ का वितरण किया गया। मॉनसून के इस मौसम में हरा चारा और गुड़ गोवंश के स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में बेहद मददगार साबित होता है।
इस सेवा कार्य की सबसे मुख्य बात यह रही कि समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने केवल सामग्री सहयोग तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि स्वयं श्रमदान करके एक मिसाल कायम की। गाड़ी से चारा उतारने से लेकर गायों को गुड़ खिलाने तक का पूरा कार्य सदस्यों ने पूरी निष्ठा के साथ अपने हाथों से किया। समिति के अध्यक्ष नरेंद्र टेलर एवं उपाध्यक्ष राम चंद्र चौधरी नेतृत्व में समर्पित कार्यकर्ता: हनुमान सहाय लुगरिया, कन्हैया लाल लुगरिया, किशोर लाल, रामफूल, सुरेंद्र बैरवा, अरुण शर्मा, मेघराज, रामूदान चारण एवं विष्णु ने श्रम दान किया।
कार्यक्रम के दौरान समिति के अध्यक्ष नरेंद्र टेलर ने कहा कि हरियाली अमावस्या का पर्व हमें प्रकृति और जीव-जंतुओं के प्रति हमारे सामाजिक दायित्वों की याद दिलाता है। गोवंश की सेवा से बढ़कर कोई दूसरा धर्म नहीं है। श्री श्याम परिवार गो सेवा समिति का सदैव यही प्रयास रहता है कि हम निरंतर गौशालाओं में पहुँचकर बेजुबान जीवों की यथासंभव मदद कर सकें। आज के समय में जब लोग पर्व-त्योहारों को केवल औपचारिकताओं तक सीमित रखते हैं, ऐसे में श्री श्याम परिवार गो सेवा समिति का यह प्रयास पूरे क्षेत्र के लिए एक प्रेरणास्रोत बनकर सामने आया है। स्थानीय निवासियों और गौशाला प्रबंधन ने समिति के इस अनुकरणीय कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
