जयपुर, 11 अगस्त। चांदपोल परकोटा गणेश मंदिर हरियाली अमावस्या के पावन पर्व पर पुष्य नक्षत्र के अवसर पर भगवान का पंचामृत अभिषेक होगा । महंत पंडित अमित शर्मा के सानिध्य मे 101 किलो दूध व पंचामृत से अभिषेक होगा । गणेश जी का दूध दही शहद गंगाजल केवड़ा गुलाब जल व केसर जल अभिषेक किया जाएगा । वही भगवान गणेश महाराज को सिंदूर का चोला चढ़ाकर नवीन पोशाक धारण कराई जाएगी । गणपति सहस्त्रनामावली से हवन कर 1008 मोदक की आहुति दी जाएगी ।
हरियाली अमावस्या के उपलक्ष में प्रथम पूज्य की वन विहार झांकी सजाई जाएगी । अनेक मिष्ठानों और घेवर से बने व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा । गणपति अथर्वशीर्ष के पाठ कर भक्तों को गणेश व लक्ष्मी स्वरूप हल्दी की गांठ सुपारी वितरित की जाएगी । इस मौके पर पूरे मंदिर परिसर को लहरिये की थीम पर सजाया जाएगा । हरियाली अमावस्या के उपलक्ष में भजन संध्या का आयोजन होगा जिसमें स्थानीय भजन गायक प्रथम पूज्य का भजनों के माध्यम से गुणगान करेंगे ।
