जयपुर, 25 जून। विश्व विटिलिगो दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (एनआईए) के क्रिया शरीर विभाग ने गुरुवार को विटिलिगो (सफेद दाग) रोगियों के लिए निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन एनआईए चिकित्सालय के मेडिकल सुपरिटेंडेंट प्रो. उदयराज सरोज ने किया। इस अवसर पर प्रो. सरोज ने कहा कि विटिलिगो के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने और रोगियों को समय पर उचित उपचार उपलब्ध कराने की आवश्यकता है। क्रिया शरीर विभागाध्यक्ष प्रो. सी.आर. यादव ने कहा कि आयुर्वेद समग्र एवं प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें रोग की प्रकृति, उपचार, आहार-विहार तथा जीवनशैली संबंधी आवश्यक परामर्श दिया। साथ ही रोगियों की व्यक्तिगत स्वास्थ्य आवश्यकताओं के अनुरूप उपचार संबंधी मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। सभी पंजीकृत रोगियों को निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई गईं तथा औषधीय किट का वितरण किया गया। शिविर का उद्देश्य विटिलिगो के प्रति समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना, रोगियों का मनोबल बढ़ाना और आयुर्वेद आधारित उपचार पद्धतियों के प्रति जागरूकता फैलाना था। कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रो. महेंद्र प्रसाद, डॉ. भानुप्रताप सिंह, डॉ. रश्मि गुरव, डॉ. रोहन वर्मा के साथ विभाग में अध्ययनरत शोधार्थियों का विशेष सहयोग रहा।
