जयपुर, 21 जून। दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान की समग्र स्वास्थ्य पहल ‘आरोग्य’ के अंतर्गत, संस्थान के संस्थापक एवं संचालक दिव्य गुरु श्री आशुतोष महाराज की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन जयपुर में दो स्थानों पर किया गया। यह कार्यक्रम बड़ी चौपड़ स्थित ऐतिहासिक श्री रामचन्द्र मंदिर एवं सोड़ाला स्थित संस्थान के आश्रम में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में योग साधकों, श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारम्भ सामूहिक प्रार्थना एवं ओम् उच्चारण के साथ हुआ, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत कर दिया। इसके पश्चात प्रतिभागियों ने शरीर को योगाभ्यास हेतु तैयार करने के लिए विभिन्न वार्म-अप अभ्यास किए।
योग प्रशिक्षकों एवं संस्थान के प्रशिक्षित साधकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। योग सत्रों के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति एवं आध्यात्मिक उन्नति के लिए योग के महत्व से अवगत कराया गया। कार्यक्रम में योग को केवल व्यायाम न मानकर जीवन को संतुलित एवं सकारात्मक बनाने वाली समग्र जीवन-पद्धति के रूप में प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर प्रतिभागियों ने अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाने तथा इसके लाभों को समाज के अन्य लोगों तक पहुँचाने का संकल्प भी लिया। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार एवं तनावमुक्त जीवन के लिए उपयोगी सुझाव भी प्रदान किए गए।
साधवी लोकेशा भारती ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मन और आत्मा को संतुलित करने वाला एक सम्पूर्ण विज्ञान है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ, जागरूक एवं उद्देश्यपूर्ण जीवन जीने की प्रेरणा देता है।अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के इस आयोजन ने प्रतिभागियों को योग के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। दोनों स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों को लोगों का भरपूर सहयोग एवं सराहना प्राप्त हुई।
