भीलवाड़ा, 11 जून | अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) के तत्वावधान में प्रदेशव्यापी कर्मचारी जागृति यात्रा कल दिनांक 12 जून को भीलवाड़ा चित्तौड़गढ़ और प्रतापगढ़ पहुंचेगी। महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में निकाली जा रही यह यात्रा कर्मचारियों के हितों की रक्षा में एक निर्णायक मोड़ साबित होगी। भीलवाड़ा जिला अध्यक्ष अमित व्यास ने बताया कि जिले में यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। इस दौरान आयोजित होने वाली कर्मचारी सभा में जिले भर के विभिन्न विभागों के कर्मचारी, संविदा एवं ठेका कर्मी एक मंच पर जुटेंगे। यात्रा के माध्यम से कर्मचारियों को उनकी समस्याओं और राज्य सरकार के समक्ष लंबित मांगों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इस अवसर पर महासंघ के उपाध्यक्ष अजयवीर सिंह, राजस्थान राज्य कर्मचारी संघ के अध्यक्ष शेर सिंह यादव, ओम प्रकाश चौधरी, राजस्थान शिक्षक संघ (एकीकृत) के अध्यक्ष डॉ. रणजीत मीना, वन विभाग के प्रकाश यादव, राजस्थान रोडवेज मंत्रालय अधीनस्थ संघ के महेश धाकड़ एवं शशि कुमार शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी यात्रा के साथ पहुंचेंगे। गौरतलब है कि कर्मचारी जागृति यात्रा अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) के प्रदेशाध्यक्ष गजेंद्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में 8 जून से निरंतर जिलों का दौरा कर रही है और कर्मचारियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर रही है । जिला संयोजक रतन लाल गुर्जर ने जिले के समस्त कर्मचारी संगठनों, संविदा कर्मियों और सेवानिवृत्त साथियों से आह्वान किया है कि वे कल अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर अपनी एकता का परिचय दें। यह यात्रा सरकार तक कर्मचारियों की आवाज को मजबूती से पहुँचाने का एक सशक्त माध्यम है।
