जयपुर, 4 जून | राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान में जापान के त्सुकुबा विश्वविद्यालय के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने शैक्षणिक एवं अनुसंधान सहयोग की संभावनाओं को तलाशने के उद्देश्य से संस्थान का दौरा किया। इस अवसर पर दोनों संस्थानों के बीच भविष्य में समझौता ज्ञापन (MoU) स्थापित करने तथा आयुर्वेद एवं आधुनिक चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में सहयोगात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने पर सार्थक चर्चा हुई। जापान के त्सुकुबा विश्वविद्यालय के प्रतिनिधिमंडल में इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिसिन के उपाध्यक्ष प्रो. ओहनेदा ओसामु, इंस्टीट्यूट ऑफ लाइफ एंड एनवायरनमेंटल साइंसेज की प्रो. इसोडा हिरोको तथा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिसिन की डॉ. फुकुशिगे मिजुहो शामिल रहे | वही आयुर्वेद संस्थान के कुलसचिव प्रो. अनीता शर्मा, प्रो. हेमन्त कुमार (विभागाध्यक्ष, शल्य तंत्र), प्रो. अनुपम श्रीवास्तव रसशास्त्र एवं भैषज्य कल्पना विभाग, जे.पी. शर्मा संयुक्त निदेशक एवं चन्द्रशेखर शर्मा उपनिदेशक सहित संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी एवं चिकित्सक मौजूद रहे।
इस दौरान दोनों संस्थानों के बीच संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं, विद्यार्थी एवं संकाय विनिमय कार्यक्रमों, शैक्षणिक सहयोग, वैज्ञानिक प्रकाशनों तथा समन्वित चिकित्सा अनुसंधान को बढ़ावा देने पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान की शैक्षणिक गतिविधियों, अनुसंधान अवसंरचना, अस्पताल सेवाओं तथा आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के वैज्ञानिक दृष्टिकोण की सराहना की।
