जयपुर, 3 जून। राज्य कर्मचारियों के आत्म सम्मान एवं हितों की रक्षा करने के लिए अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) के प्रदेश पदाधिकारियों की ओर से 8 जून से शुरू होने वाली कर्मचारी जागृति यात्रा का आज जयपुर में श्री गणेश हुआ। जागृति यात्रा आज महासंघ (एकीकृत) के प्रदेशाध्यक्ष गजेंद्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में गणेश मंदिर, मोती डूंगरी पहुंची और उनका आशीर्वाद लिया।
कर्मचारी जागृति यात्रा के प्रस्थान पर महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष गजेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि राज्य सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों और 25 सूत्री लंबित मांगों की अनदेखी के विरोध में कर्मचारियों को जागृत करने के उद्देश्य से यह यात्रा प्रारंभ की जा रही है। राठौड़ ने कहा कि राज्य सरकार ने अपने ढाई वर्ष के कार्यकाल में कर्मचारियों के लिए कुछ नहीं किया है। चिंताजनक बात यह है कि राज्य सरकार अब वर्षों से चली आ रही राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (RGHS) में सुधार करने के बजाय उसके निजीकरण की तैयारी में है। जिससे कर्मचारियों में काफी आक्रोश है। उन्होंने आगे बताया कि संवादहीनता के चलते कर्मचारियों की 25 सूत्री न्यायोचित मांगे भी लंबित हैं।
मोती डूंगरी गणेश मंदिर से शुरू हुई कर्मचारी जागृति यात्रा में प्रदेशाध्यक्ष गजेंद्र सिंह राठौड़ के अलावा राजेंद्र शर्मा, शेर सिंह यादव, मधुबाला शर्मा, ओम प्रकाश चौधरी, सर्वेश्वर शर्मा, अजय वीर सिंह, सुरेश नारायण शर्मा, राजेंद्र कुमार शर्मा, प्रकाश यादव, बहादुर सिंह, वीरेंद्र यादव, सुभाष यादव, प्रहलाद राय अग्रवाल, गोपाल शर्मा, महेश ठाकुर, नितिन शर्मा, शशि शर्मा, अशोक जाट, सुमन जैन, महेश कुमार एवं मुकेश सहित कई अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे ।
