जयपुर, 2 अप्रैल। दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान के तत्वावधान में जयपुर के हनुमान मंदिर, धुलेश्वर् गार्डन, सी-स्कीम में आयोजित तीन दिवसीय हनुमान कथा का आज भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर कथा का श्रवण करते नजर आए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
कथा के दौरान साधवी लोकेशा भारती ने भगवान हनुमान के जीवन प्रसंगों को अत्यंत भावपूर्ण एवं सरल शैली में प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि हनुमान जी केवल शक्ति के प्रतीक नहीं हैं, बल्कि वे सच्ची भक्ति, समर्पण और सेवा भाव के आदर्श भी हैं। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को जीवन में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और ईश्वर के प्रति अटूट विश्वास रखने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर भजन-कीर्तन एवं आध्यात्मिक प्रवचनों ने वातावरण को और अधिक ऊर्जा एवं श्रद्धा से भर दिया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने कथा का रसपान करते हुए आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति की आयोजक राजेंद्र धाधीच ने बताया कि यह कथा 2 अप्रैल से 4 अप्रैल 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से आगामी दिनों में भी अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पावन कथा का लाभ लेने का आग्रह किया।
