जयपुर, 18 मार्च | आज राजस्थान राज्य कर्मचारी संघ के एक शिष्य मंडल ने प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र सिंह राठौड़ तथा कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष शेर सिंह यादव के नेतृत्व में मुख्यमंत्री कार्यालय में तथा कार्मिक शासन सचिव को मृत राज्य कर्मचारियों के आश्रितों की कनिष्ठ सहायक पद पर नियुक्ति के पश्चात दी जाने वाली कंप्यूटर टंकण परीक्षा समय पर आयोजित करवाने हेतु एक ज्ञापन दिया। राजस्थान राज्य कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री देवेंद्र सिंह नरूका ने बताया की कार्मिक विभाग के परिपत्र दिनांक 21.06.2017 के अनुसार प्रत्येक जिले में जिला कलेक्टर द्वारा जनवरी, मई एवं सितंबर माह में अनुकम्पात्मक नियुक्ति के अंतर्गत कनिष्ठ सहायक हेतु कंप्यूटर टंकण परीक्षा का आयोजन करवाने हेतु निर्देशित किया हुआ है परंतु जयपुर जिला कलेक्टर सहित अनेक जिलों में जनवरी माह में आयोजित की जाने वाली परीक्षा अभी तक नहीं हुई है ।
इसकी वजह से जो कार्मिक परीक्षा उत्तीर्ण करने पर 1 अप्रैल 2026 को पदोन्नति हेतु पात्र हो जाते, वह पदोन्नति से वंचित हो जाएंगे और उनकी अगली पद्धति दिनांक 1 अप्रैल 2027 के बाद हो पाएगी। इससे उनके करियर में 1 वर्ष का विलंब होगा जिससे उन्हें बड़ी आर्थिक हानि होगी । संघ ने मार्च 2026 माह में तत्काल परीक्षा का आयोजन करवाने और इसी माह में परिणाम घोषित करने की मांग की है ताकि मृत राज्य कर्मचारियों के आश्रितों के रूप में नियुक्ति प्राप्त कनिष्ठ सहायक पदोन्नति से वंचित न हो। समय पर परीक्षा का आयोजन नहीं करवाना संघ ने गंभीर प्रकरण माना है। शिष्टमंडल में गजेंद्र सिंह राठौड़, शेर सिंह यादव, देवेंद्र सिंह नरूका, प्रकाश यादव, राहुल यादव, प्रेम जरवाल, गिर्राज सोनी आदि कर्मचारी नेता शामिल रहे ।
