Saturday, February 7, 2026
Homeराजस्थानपूजा-हवन, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह के साथ आयुर्वेद संस्थान स्वर्ण जयंती...

पूजा-हवन, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह के साथ आयुर्वेद संस्थान स्वर्ण जयंती महोत्सव का शुभारंभ


जयपुर, 7 फरवरी | राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (एनआईए), जयपुर ने अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में स्वर्ण जयंती महोत्सव का शुभारंभ शनिवार को विधिवत पूजा-हवन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं सम्मान समारोह के साथ किया। इस अवसर पर संस्थान के सभागार भवन में आयोजित कार्यक्रम में भारत सरकार के आयुष सचिव पद्मश्री वैद्य राजेश कोटेचा, कुलपति प्रो. संजीव शर्मा, संस्थान के पूर्व निदेशक प्रो. बनवारी लाल गौड़, प्रो. महेश चंद्र शर्मा, प्रो. अजय शर्मा, प्रो. महेंद्र सिंह मीणा, प्रो. के. शंकर राव संस्थान के संयुक्त निदेशक जे.पी.शर्मा सहित अनेक वरिष्ठ चिकित्सक,अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आयुष सचिव भारत सरकार पद्मश्री वैद्य राजेश कोटेचा ने कहा कि राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान देश में आयुर्वेद शिक्षा, अनुसंधान एवं चिकित्सा सेवाओं का एक अग्रणी केंद्र है। संस्थान ने विगत पांच दशकों में आयुर्वेद को राष्ट्रीय एवं वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में आयुर्वेद आधारित नवाचार और अनुसंधान आमजन के बेहतर स्वास्थ्य में निर्णायक भूमिका निभाएंगे।

इस दौरान आयुष सचिव ने बताया कि भारत सरकार द्वारा आमजन के बेहतर स्वास्थ्य के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। हाल ही में की गई बजट घोषणा में तीन राष्ट्रीय स्तर के नए आयुर्वेद संस्थानों की स्थापना की घोषणा की गई है। साथ ही देश-विदेश में आयुर्वेद चिकित्सा के माध्यम से आमजन को लाभान्वित करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा अनेक प्रयास किए जा रहे हैं। कुलपति प्रो. संजीव शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि एनआईए की 50 वर्षों की यात्रा समर्पण, अनुसंधान और सेवा भाव की एक प्रेरणादायक मिसाल है। उन्होंने संस्थान के सतत विकास एवं प्रगति में निरंतर सहयोग के लिए आयुष मंत्रालय, भारत सरकार तथा आयुष सचिव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्थान आयुर्वेद को आधुनिक वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला ‘शल्यकोन’ के समापन अवसर पर आयुर्वेद के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे शल्य चिकित्सकों डॉ. आलोक मोहनलाल गुप्ता, डॉ. लक्ष्मण सिंह, डॉ. योगेश राजेन्द्र बडवे, डॉ. सुरेश कुमार को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट योगदान के लिए संस्थान के कर्मचारियों चेतन शर्मा, राकेश शर्मा, अशोक कुमार, एवं विद्यार्थियों डॉ. प्रभजोत कौर, पूजा अग्रवाल को प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular