जयपुर, 1 नवंम्बर। MRG मल्टीस्पोर्ट्स क्लब, जयपुर के तत्वावधान में MRG ओपन राज्य स्तरीय स्केटिंग चैंपियनशिप 2026 का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जयपुर सहित राजस्थान के विभिन्न जिलों से लगभग 500 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों की इतनी बड़ी भागीदारी ने इस आयोजन को जयपुर की प्रमुख स्केटिंग प्रतियोगिताओं में शामिल कर दिया।
MRG मल्टीस्पोर्ट्स क्लब की निदेशक डॉ. सोनिका गोदारा ने बताया कि यह प्रतियोगिता का छठा संस्करण है। MRG का मुख्य उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं में खेलों के प्रति रुचि विकसित करना, उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए कुल ₹30,000 की नकद पुरस्कार राशि रखी गई, ताकि खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिले और वे भविष्य में भी खेलों में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में मधु मेहता (अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी), मोनिका माथुर (अंतरराष्ट्रीय जूडो खिलाड़ी), विक्रम सिंह राठौड़ (अंतरराष्ट्रीय कोच), नियाज शम्सी (कोषाध्यक्ष, जयपुर स्केट एसोसिएशन) एवं अशोक सिंघोरिया (अंतरराष्ट्रीय रोल बॉल खिलाड़ी) उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और अपने संबोधन में खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा अनुशासन, मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
प्रतियोगिता की विभिन्न आयु वर्गों की स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच शानदार मुकाबले देखने को मिले। अंडर-6 बालक वर्ग में विधित, दक्ष एवं दैविक ने विजेता स्थान प्राप्त किया। वहीं अंडर-6 बालिका वर्ग में दुर्गेश्वरी, अद्विका एवं त्रिशा विजेता रहीं। अंडर-8 बालिका वर्ग में आव्या ठाकुर, मिशिका सिंह एवं जुबिया खान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता स्थान हासिल किया। इस आयोजन में लोटस डेयरी, जयपुर का विशेष सहयोग रहा। लोटस डेयरी की ओर से प्रतियोगिता में शामिल प्रत्येक खिलाड़ी को लस्सी उपलब्ध करवाई गई। इस पहल के माध्यम से बच्चों एवं युवाओं को खेलों के साथ पौष्टिक खान-पान और स्वस्थ जीवनशैली का महत्व भी बताया गया। MRG मल्टीस्पोर्ट्स क्लब की ओर से बताया गया कि क्लब भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से राजस्थान में स्केटिंग एवं अन्य खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा। साथ ही अधिक से अधिक बच्चों और युवाओं को खेलों से जोड़कर उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर प्रदान किए जाएंगे।
