जयपुर, 26 जून | अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र सिंह राठौड़ ने राजस्थान सरकार के पेंशनरों से संबंधित गंभीर अनियमितता की ओर राज्य सरकार का ध्यान आकर्षित कर मांग की है की सेवानिवृत्ति पर कर्मचारियों को पेंशन कम्यूटेशन की राशि वर्षों से 14 वर्षों में समान किस्तों में ब्याज सहित वसूल की जाती रही है, वर्तमान में पेंशन कम्यूटेशन की राशि पर विभाग लंबे समय से ब्याज दर कम हो जाने के बाद भी पूर्व ब्याज दर पर ही ब्याज जोड़कर वसूल किया जा रहा है। इस गंभीर अनियमितता के लिए भारतीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा भी आदेश पारित किया जा चुका है की सेवानिवृत्त पेंशनरों से मय ब्याज सहित वसूली 10 वर्षों में हो जाती है तो पेंशनर से 4 वर्षों तक किस आधार पर ज्यादा और क्यों वसूल किया जा रहा है? जिसे तुरंत बंद किया जाए। इस आदेश को पारित किए हुए भी एक वर्ष हो चुका है किंतु राज्य सरकार द्वारा इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है और पेंशन से वसूली लगातार जारी है। अतः महासंघ राज्य सरकार से मांग करता है कि यह अवैध वसूली तुरंत बंद कर पेंशनर को राहत प्रदान की जाए।
