देहरादून | विधायक संदीप शर्मा मंगलवार को अपने जन्मदिन के अवसर पर परिवार के साथ देवभूमि उत्तराखंड पहुंच गए हैं, वे ऋषिकेश, देवप्रयाग, रुद्रप्रयाग, कर्णप्रयाग, नन्दप्रयाग, जोशीमठ के दर्शन करते हुए बद्रीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बद्रीविशाल के दर्शन करेंगे तथा प्रदेशवासियों की सुख एवं समृद्धि की कामना करेंगे। उन्होंने कहा कि जन्मदिन पर हिमाचल के सबसे प्राचीन तीर्थ बद्री विशाल के दर्शन लाभ प्राप्त करना मेरा सौभाग्य है। अर्धपद्मासन में विराजमान भगवान चतुर्भुज आत्मिक शांति प्रदान करते हैं, प्रत्येक व्यक्ति को जीवन में एक बार यहां आकर दर्शन अवश्य करने चाहिए।
विधायक शर्मा के कोटा में नहीं होने के बावजूद भी भाजपा कार्यकर्ताओं एवं उनके समर्थकों का उत्साह किसी तरह कम नहीं हुआ है। सुबह 8 बजे से ही विधायक कार्यालय पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों ने उनकी दीर्घायु की कामना करते हुए विभिन्न सेवा कार्य कर उनका जन्मदिन मनाया। लोगों ने अलग अलग क्षेत्रों में अपने लाडले विधायक के लिए कार्य किये। विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं सहित भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा मंदिरों में सफाई अभियान चलाकर उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना से अभिषेक किया गया।
जहां एक ओर मौसमी बीमारियों से जूझ रही मानवता की सेवा के लिए रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, चिकित्सालयों में भर्ती मरीजों को पोषण के लिए फल वितरण किये गये, अपना घर आश्रम में प्रभुजी की सेवा कर भोजन करवाया गया। वहीं पशु पक्षियों की भी देखभाल का काम किया गया, गौशालाओं में गायों को चारा खिलाया गया, बीमार गौधन का उपचार करवाया गया के साथ ही पशु पक्षियों को दाना भी डाला और वानरों को फल खिलाये गये। फुटपाथ व झौंपडियों में रहने वाले गरीब व निराश्रित बच्चों को भोजन के पैकेट व कपड़े वितरित किये गये वहीं निर्धन वर्ग के छात्रों को पाठ्य सामग्री बांटी गई। पर्यावरण प्रेमियों ने विधायक शर्मा के नाम से पौधे लगाये और उनकी देखभाल का संकल्प लिया।