जयपुर, 14 सितंबर। छोटी काशी जयपुर में आज गणेश चतुर्थी का पर्व आस्था, श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। शहर के प्रमुख गणेश मंदिरों में सुबह से ही गणपति बप्पा के जयकारे गूंज रहे हैं। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक और धार्मिक अनुष्ठानों का दौर जारी है। वहीं गणेश चतुर्थी के मौके पर जगह-जगह आकर्षक झांकियां सजाई गई हैं, परकोटा गणेश मंदिर में आज गणेश चतुर्थी का पर्व श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। गणेश जन्मोत्सव के तहत प्रातःकाल भगवान गणेश का पंचामृत और विभिन्न औषधीय द्रव्यों से अभिषेक किया गया। इसके बाद प्रथम पूज्य भगवान गणेश को सोने के वर्क का चोला अर्पित कर फूल बंगला झांकी सजाकर आकर्षक श्रृंगार कर छप्पन भोग की झांकी सजाई ।
भगवान गणेश के विशेष श्रृंगार, फूल बंगला और छप्पन भोग की झांकी के दर्शन कर श्रद्धालु अभिभूत नजर आए। मंदिर में दिनभर धार्मिक आयोजनों का सिलसिला जारी रहा और पूरा परिसर गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से गूंजता रहा। मंदिर परिसर में को आकर्षक फूलों और चुनरी से सजाया गया । विशेष सजावट के बीच भगवान गणेश के दर्शन करने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया भक्तों ने कतार में लगकर प्रथम पूज्य के दर्शन किए और सुख-समृद्धि, खुशहाली और परिवार की मंगलकामना की।महंत अमित शर्मा के सान्निध्य में गणेश चतुर्थी के अवसर पर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए । पूरे मंदिर परिसर में गणपति बप्पा के जयकारों और भक्ति गीतों से भक्तिमय वातावरण बना रहा ।
