जयपुर, 11 सितम्बर | परकोटा गणेश मंदिर में गणेश जन्मोत्सव को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। भगवान गणेश के जन्मोत्सव को इस बार भव्य धार्मिक आयोजनों के साथ मनाया जाएगा। महंत अमित शर्मा के सानिध्य में होने वाले इस महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया जाएगा तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला चलेगी। गणेश जन्मोत्सव का शुभारंभ इसके बाद प्रतिदिन मंदिर में हवन, 108 गणपति अथर्वशीर्ष के पाठ और सायंकाल दीपदान जैसे धार्मिक अनुष्ठान होंगे। महोत्सव के दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ देखने को मिलेगी। भगवान गणेश के दर्शन के साथ भक्त धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होकर सुख-समृद्धि और मंगल की कामना करेंगे ।
12 सितंबर को भगवान गणेश की 21000 लड्डू की भव्य झांकी सजाई जाएगी। लड्डुओं से सजे गणपति के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। इसके अगले दिन 13 सितंबर को 111किलो मेहंदी वितरण और सिंजारा उत्सव मनाया जाएगा, प्रथम पूज्य को महंत परिवार की ओर से मेहंदी अर्पण की जाएगी इसके बाद महिला मंडल के द्वारा बधाई गान उत्सव का आयोजन होगा ।
14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के दिन भगवान गणेश को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा और भव्य छप्पन भोग की झांकी सजाई जाएगी। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का भी आयोजन होगा। पुष्य नक्षत्र से शुरू होकर गणेश चतुर्थी तक चलने वाले इस गणेश जन्मोत्सव में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भक्ति और उत्सव का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
