जयपुर, 10 सितम्बर । आधुनिकता की दौड़ में जहां मानवीय संवेदनाएं अक्सर पीछे छूटती नजर आती हैं, वहीं बेजुबानों के प्रति निस्वार्थ प्रेम और सेवा की एक अनोखी मिसाल सीकर रोड स्थित गोविन्दगढ़ में अमावस्या तिथि पर देखने को मिली। श्री श्याम गो सेवा परिवार समिति के तत्वावधान में हरिओम गौशाला में आयोजित गोसेवा कार्यक्रम महज एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि गोवंश के प्रति अटूट श्रद्धा और सामाजिक सरोकार का प्रत्यक्ष प्रमाण बन गया। समिति के समर्पित सदस्यों ने गोवंश के पोषण और स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए विशेष व्यवस्था की। आयोजन के तहत गोशाला परिसर में गोवंश के लिए एक पूरी गाड़ी भरकर सूखा एवं हरा चारा वितरण किया गया। गोमाता के पसंदीदा और स्वास्थ्यवर्धक गुड़ का वितरण स्वयं कार्यकर्ताओं ने अपने हाथों से किया। समिति के सदस्यों ने गौशाला के हर कोने में जाकर स्वयं गोवंश को आहार कराया।
संत-सम्मान से हुई आध्यात्मिक शुरुआत
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्णतः धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण में हुआ। आयोजन स्थल पर पधारे पूज्य मनीराम महाराज का समिति की ओर से अभिनंदन किया गया। उन्हें सम्मानपूर्वक दुपट्टा ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर आशीर्वाद लिया गया। साथ ही मंत्रोच्चार के साथ गौ सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाया गया। इस पुनीत कार्य में समाज के हर वर्ग की सहभागिता देखने को मिली। भीषण गर्मी और व्यस्तताओं को दरकिनार कर समिति के सभी सदस्यों ने एकजुट होकर व्यवस्था करी। कार्यक्रम में समिति के रामचंद्र चौधरी, हनुमान सहाय, विष्णु शर्मा, किशोरलाल, रामफूल, सुरेंद्र, गणेश नारायण, रमेश चंद मेवाड़ा, मेघराज, गजानंद ढाका, अशोक प्रजापत सहित समिति के तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहें।
