जयपुर, 13 | गलता गेट स्थित मंदिर श्री गीता गायत्री में पंडित राजकुमार चतुर्वेदी के सानिध्य में सावन माह के पावन अवसर पर आयोजित शिव कथा महापुराण एवं सवा लाख बेलपत्र अर्पण महोत्सव का भव्य समापन हुआ। सात दिन तक चले इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर भगवान भोलेनाथ को बेलपत्र अर्पित किए और कथा का श्रवण किया। प्रवक्ता नीतीश चैतन्य चतुर्वेदी ने बताया कि व्यास पीठ से आचार्य राजेश्वर महाराज ने शिव महापुराण के अंतर्गत द्वादश ज्योतिर्लिंगों की महिमा का भावपूर्ण वर्णन किया।
कथा के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं को कभी सोमनाथ, कभी मल्लिकार्जुन तो कभी काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन का आध्यात्मिक अनुभव कराया। कथा प्रसंगों के बीच श्रद्धालु भक्ति और भाव-विभोर होकर भगवान शिव की आराधना में लीन रहे। वही सवा लाख बेलपत्र अर्पण महोत्सव भी श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। समापन अवसर पर महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। इसके पश्चात सात दिवसीय आयोजन के समापन पर महाभंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।
