जयपुर, 2 अगस्त। प्रदेश के राजकीय महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालयों में विभिन्न डिप्लोमा एवं डिग्री पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया अब ऑफलाइन (डायरेक्ट एडमिशन) माध्यम से 6 अगस्त से प्रारंभ होगी। गांधीनगर स्थित राजकीय महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालय की प्राचार्या श्रीमती शालिनी गुप्ता ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालयों में उपलब्ध रिक्त सीटों पर छात्राएं पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर सीधे प्रवेश प्राप्त कर सकेंगी। प्रवेश के लिए इच्छुक छात्राओं को अपने मूल दस्तावेजों के साथ संबंधित महाविद्यालय में उपस्थित होकर निर्धारित शुल्क जमा करवाना होगा।
उन्होंने बताया कि महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालयों में रोजगारपरक एवं कौशल आधारित शिक्षा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से विभिन्न तीन वर्षीय डिप्लोमा एवं डिग्री पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इनमें कमर्शियल आर्ट, ब्यूटी कल्चर, इंटीरियर डेकोरेशन, कॉस्ट्यूम डिजाइन, टेक्सटाइल डिजाइन, मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग सहित अन्य तकनीकी एवं रचनात्मक पाठ्यक्रम शामिल हैं।
डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए न्यूनतम योग्यता 10वीं उत्तीर्ण तथा डिग्री पाठ्यक्रमों के लिए न्यूनतम योग्यता 12वीं उत्तीर्ण निर्धारित है। प्राचार्या ने बताया कि इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से छात्राओं को तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। पाठ्यक्रम पूर्ण करने के पश्चात अनेक छात्राएं देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर संस्थान का नाम गौरवान्वित कर रही हैं। उन्होंने प्रदेश की इच्छुक छात्राओं एवं महिलाओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि से संबंधित राजकीय महिला पॉलिटेक्निक महाविद्यालयों में संपर्क कर प्रवेश प्रक्रिया का लाभ उठाएं।
