जयपुर, 15 जुलाई। सामाजिक कार्यकर्ता रविशंकर धाभाई ने बताया कि विद्याधर नगर के सेक्टर-4 के निवासी लंबे समय से पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि जहां पहले प्रतिदिन सुबह और शाम दोनों समय नियमित जलापूर्ति होती थी, वहीं पिछले दो वर्षों से बिना किसी सार्वजनिक सूचना या कारण बताए शाम की पानी की सप्लाई बंद कर दी गई है। इसके साथ ही सुबह होने वाली जलापूर्ति भी बेहद कम प्रेशर से की जा रही है, जिससे अधिकांश घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने बताया कि सहायक अभियंता को पीने की पानी की एक मिनरल वाटर की बोतल भेंट की गई और खाली मटकों में पानी की व्यवस्था करने का अनुरोध किया। कई निवासियों ने हाथों में पोस्टर ले रहे थे जिस पर “जल संकट दूर करो, जनता को राहत दो!”
वही सहायक अभियंता को इस समस्या के बारे में एक शिकायत पत्र दिया गया जिसमें शिव कुमार गोयल, मूलचंद बुनकर, वीरमदेव सुरेला, भूपेंद्र सिंह, भारी संख्या में क्षेत्र के निवासी इस प्रतिनिधि मंडल में उपस्थित रहे । धाभाई ने राजस्थान सरकार से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा है कि आखिर किस अधिकारी के आदेश से सेक्टर-4 में शाम की जलापूर्ति बंद की गई। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और जलदाय विभाग द्वारा भविष्य में जयपुर में 24 घंटे पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करने की घोषणा की जा रही है, जबकि दूसरी ओर पहले से उपलब्ध शाम की जलापूर्ति भी बंद होना चिंताजनक है।
लोगो का यह भी आरोप है कि कुछ स्थानों पर सरकारी जलापूर्ति का अवैध रूप से उपयोग कर पानी के टैंकरों के माध्यम से पानी बेचा जा रहा है। उन्होंने मांग की कि ऐसे अवैध जल कारोबार करने वाले पानी माफियाओं के खिलाफ जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि आम नागरिकों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सके। मुख्यमंत्री, जलदाय विभाग के मंत्री तथा विभागीय वरिष्ठ अधिकारियों से आग्रह किया है कि सेक्टर-4 की जलापूर्ति व्यवस्था की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, शाम की जलापूर्ति पुनः प्रारंभ की जाए, पानी का प्रेशर बढ़ाया जाए तथा संबंधित अधिकारियों को लिखित निर्देश जारी कर उनकी पालना सुनिश्चित की जाए। साथ ही जारी आदेशों की प्रति उन्हें भी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
