जयपुर, 14 जुलाई । गणाचार्य विराग सागर महाराज एवं चर्या शिरोमणि पट्टाचार्य विशुद्ध सागर महाराज की सुयोग्य शिष्या गणिनी आर्यिका विभाश्री माताजी ससंघ का इस साल का मंगल चातुर्मास श्री दिगंबर जैन मंदिर मानसरोवर में होगा । चातुर्मास मंगल कलश स्थापना समारोह रविवार 2 अगस्त 2026 को आयोजित होगा। इससे पूर्व रविवार 26 जुलाई को प्रातः 8:00 बजे आर्यिका संघ का भव्य चातुर्मासिक मंगल प्रवेश बैंड-बाजों, जयघोष, धर्मध्वजाओं एवं भव्य लवाजमे के साथ वरुण पथ जैन मंदिर मे होगा।
समिति के अध्यक्ष जे.के. जैन एवं मंत्री ज्ञानचंद बिलाला ने बताया कि गणिनी आर्यिका विभाश्री माताजी ने वरुण पथ दिगंबर जैन समाज को चातुर्मास कराने का मंगल आशीर्वाद प्रदान किया। जैन समाज वरुण पथ ने बैठक आयोजित कर समाज के सभी वर्गों, महिला मंडल, मुनि संघ व्यवस्था समिति, स्वाध्याय मंडल, आचार्य विद्या सागर आगम पाठशाला समिति सहित युवक-युवती तथा सहयोगी संस्थाओं से चातुर्मास की तैयारियों में एकजुट होकर सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया गया।
गणिनी आर्यिका विभाश्री माताजी को दीक्षा ग्रहण किए 32 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। यह पहला अवसर होगा जब उनके पावन सानिध्य में राजधानी जयपुर में चातुर्मास आयोजित होने जा रहा है। इससे पूर्व गणाचार्य 108 श्री विराग सागर जी महाराज ससंघ के सानिध्य में आयोजित संत समागम के दौरान आर्यिका संघ का अल्पकालीन प्रवास जयपुर में हुआ था, जिसमें देशभर के 200 से अधिक आचार्य, मुनिराज एवं आर्यिका संघ ने जयपुर में प्रवास किया था। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 का चातुर्मास गणिनी आर्यिका 105 श्री विभाश्री माताजी ससंघ के सानिध्य में कोटा में सम्पन्न हुआ था।
