जयपुर, 8 जुलाई। आज अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ एकीकृत के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र सिंह राठौड़ एवं राजस्थान राज्य कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष शेर सिंह यादव के संयुक्त नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने पदोन्नति में बिना शर्त 2 साल की छूट दिए जाने, सेवानिवृत्ति पर ग्रेच्युटी, कम्यूटेशन, बीमा, जीपीएफ, उपार्जित अवकाश तथा कर्मचारियों को जीपीएफ तथा बीमा के स्थाई अस्थाई ऋण, पीएल सरेंडर आदि के शीघ्र भुगतान के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय, मुख्य सचिव एवं कार्मिक सचिव को ज्ञापन सोपा गया ।ज्ञापन में बताया गया कि कर्मचारियों को वेतन के अतिरिक्त अन्य राशि एवं जिसके वह हकदार है, नहीं मिल पा रही है, जिससे उनके समक्ष आर्थिक संकट पैदा हो गया है और कर्मचारियों में अत्यंत आक्रोश व्याप्त है।
पदोन्नति में दो वर्ष की छूट में शर्त लगा दिए जाने के कारण अनेक विभागों में डीपीसी नहीं हो पा रही है तथा गत वर्ष कैडर रिव्यू में जो पदोन्नति के पद बढ़ाए गए थे उन पर इस शर्त के कारण पदोन्नति नहीं हो पाने और रिक्त रहने से कैडर रिव्यू का उद्देश्य ही समाप्त हो गया है। शिष्टमंडल में गजेंद्र सिंह राठौड़, शेर सिंह यादव, देवेंद्र सिंह नरूका, अजयवीर सिंह, नरपत सिंह, तरबीन कुमार, चंद्रशेखर सिंह, सुरेंद्र सिंह, राकेश कुमार वर्मा, विजेंद्र कुमार रातावल आदि कर्मचारी नेता शामिल रहे।
