जयपुर, 4 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को बालोतरा जिले के पचपदरा से वर्चुअल माध्यम द्वारा जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना का शिलान्यास किया। इस अवसर का सीधा प्रसारण जयपुर स्थित एसएमएस स्टेडियम के इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया गया। शिलान्यास कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे, नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) झाबर सिंह खर्रा, लोकसभा सांसद (जयपुर शहर) श्रीमती मंजू शर्मा, मालवीय नगर विधायक कालीचरण सराफ, सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्टेडियम परिसर में वृक्षारोपण के साथ हुआ। इसके पश्चात जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया गया। साथ ही केंद्रीय विद्युत तथा आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर का बधाई संदेश वीडियो के माध्यम से प्रसारित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जयपुर जिले के नवनियुक्त 5,664 कार्मिकों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।
जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना लगभग 41 किलोमीटर लंबी होगी, जो शहर के दक्षिणी छोर से उत्तरी छोर तक निर्बाध मेट्रो संपर्क स्थापित करेगी।
परियोजना के अंतर्गत कुल 36 मेट्रो स्टेशन विकसित किए जाएंगे, जिनमें 34 एलिवेटेड तथा 2 भूमिगत स्टेशन शामिल हैं। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग ₹13,037.66 करोड़ की लागत आएगी तथा इसे सितंबर, 2031 तक पूर्ण किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। परियोजना जयपुर को स्मार्ट, सुदृढ़ एवं बेहतर कनेक्टेड शहर के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगी तथा राज्य में सार्वजनिक शहरी परिवहन व्यवस्था को नई गति प्रदान करेगी। कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य सचिव, नगरीय विकास एवं आवासन विभाग, आलोक गुप्ता, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, जयपुर मेट्रो, वैभव गालरिया, संभागीय आयुक्त जयपुर, वे. सरवन कुमार तथा जिला कलेक्टर जयपुर, संदेश नायक सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और जयपुर मेट्रो के अधिकारी एवं कार्मिक भी उपस्थित रहे।
