अलवर/जयपुर, 12 जून | दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के संरक्षण प्रकल्प के अंतर्गत नल्या गांव एवं बजरंग उच्च माध्यमिक विद्यालय, प्रतापगढ़ (अलवर) में एक अच्छी आदत जन जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को पानी बचाओ, पेड़ लगाओ और पर्यावरण बचाओ का संदेश देना था। संस्थान का संरक्षण प्रकल्प जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण तथा वृक्षारोपण के प्रति समाज को जागरूक करने के लिए विभिन्न अभियान चलाता है |
कार्यक्रम में साध्वी मेदनी भारती ने कहा कि बढ़ता जल संकट और पर्यावरण प्रदूषण आज गंभीर चुनौती बन चुके हैं। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक अच्छी आदत अपनाकर पानी की बचत करे और वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाए, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। इस अवसर पर ग्रामीणों, युवाओं एवं महिलाओं ने जल संरक्षण का संकल्प लिया तथा अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रेरणादायक संदेश दिए गए और लोगों को अपने दैनिक जीवन में जल की बर्बादी रोकने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों एवं विद्यार्थियों ने पानी बचाओ – पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ का सामूहिक संकल्प लिया। ग्रामीणों ने ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि इससे समाज में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
