जयपुर, 1 जून | दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान (DJJS) के मंथन प्रकल्प के अंतर्गत जयपुर स्थित सोडाला आश्रम में समर कैंप के दौरान एक विशेष डिस्ट्रीब्यूशन ड्राइव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उन अभिभावकों को सम्मानित किया गया | जिन्होंने अपने बच्चों को समर कैंप जैसी संस्कारयुक्त एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों को स्मृति-चिह्न एवं उपयोगी सामग्री देकर सम्मानित किया गया। इस समय समर कैंप भी निरंतर चल रहा है, जिसमें बच्चों को कला, संस्कृति, नैतिक शिक्षा और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी विविध गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक कौशल को निरंतर निखारा जा रहा है।
साध्वी लोकशा भारती ने बताया कि मंथन प्रकल्प दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान (DJJS) द्वारा संचालित एक शैक्षिक एवं संस्कार आधारित पहल है, जिसका उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना है। इस प्रकल्प के अंतर्गत बच्चों को केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि नैतिक शिक्षा, भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्य, कला एवं रचनात्मक गतिविधियों से भी जोड़ा जाता है। इसका मुख्य लक्ष्य बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और अच्छे संस्कार विकसित करना है, ताकि वे एक जिम्मेदार और मूल्यनिष्ठ नागरिक बन सकें।
मंथन प्रकल्प का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ जीवन मूल्यों से जोड़कर उनके व्यक्तित्व को सकारात्मक दिशा देना है, जिससे वे आगे चलकर समाज के लिए एक सकारात्मक भूमिका निभा सकें। बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अभिभावकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। इसी उद्देश्य से डिस्ट्रीब्यूशन ड्राइव के माध्यम से उनके सहयोग एवं समर्पण का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने भजनों पर नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया, जिससे पूरा वातावरण भाव-विभोर हो उठा।
