Wednesday, May 13, 2026
Homeराजस्थानकर्मचारी महासंघ (एकीकृत) की प्रदेश स्तरीय बैठक में आंदोलन का होगा शंखनाद

कर्मचारी महासंघ (एकीकृत) की प्रदेश स्तरीय बैठक में आंदोलन का होगा शंखनाद


जयपुर, 12 मई । अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) की एक महत्वपूर्ण प्रदेश स्तरीय बैठक आगामी 18 मई 2026 को जयपुर स्थित गवर्नमेंट प्रेस कार्यालय में आयोजित की जाएगी। बैठक में राज्य सरकार द्वारा कर्मचारी मांगों पर अपनाए जा रहे उदासीन रवैये के खिलाफ प्रदेश व्यापी आंदोलन की रणनीति तैयार होगी। महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष गजेंद्र सिंह राठौड़ और प्रदेश महामंत्री मोहन लाल शर्मा ने संयुक्त बयान में बताया कि वर्तमान में RGHS योजना में आ रही समस्याओं और समर्पित अवकाश (सरेंडर लीव) के भुगतान पर लगी अघोषित रोक से प्रदेश के लाखों कर्मचारियों में गहरा असंतोष है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में कर्मचारी महासंघ (एकीकृत) के आह्वान पर पूरे प्रदेश में कर्मचारियों द्वारा काली पट्टी बांधकर RGHS की विसंगतियों तथा समर्पित अवकाश के भुगतान न होने को लेकर कड़ा विरोध जताया जा चुका है।

महामंत्री शर्मा ने कहा की बजट घोषणा के अनुसार पदोन्नतियों के आदेश जारी करने, संविदा कर्मचारियों को नियमित करने हेतु अनुभव में दो वर्ष की छूट के आदेश जारी करने, ठेका कर्मियों के लिए RMLCL का गठन करने सहित महासंघ (एकीकृत) के लंबित 25 सूत्रीय मांगपत्र पर आज दिनांक तक कोई सकारात्मक वार्ता नहीं होने एवं विभिन्न कर्मचारी संगठनों की लंबित मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेना सरकार की कर्मचारी विरोधी मंशा को दर्शाता है। बैठक में राजस्थान के सभी जिला अध्यक्ष और विभिन्न विभागों के कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। इस दौरान संगठन की मजबूती और आगामी संघर्ष के चरणों की घोषणा की जाएगी। महासंघ ने स्पष्ट किया है कि यदि सरकार ने समय रहते वार्ता के जरिए समाधान नहीं निकाला, तो कर्मचारी सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular