जयपुर, 6 मई | अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने आज शासन सचिवालय में प्रमुख शासन सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, श्रीमती गायत्री राठौड़ से मुलाकात की। बैठक में RGHS के तहत राज्य कर्मचारियों, पेंशनरों एवं उनके आश्रितों को मिल रही चिकित्सा सुविधाओं में आ रही बाधाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। महासंघ ने कैशलेस इलाज, दवा वितरण एवं बिल भुगतान में हो रही देरी से हो रही परेशानियों से अवगत कराया और सेवाओं को तत्काल पूर्व की भांति सुचारू करने की मांग रखी।
श्रीमती राठौड़ ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि विभाग RGHS को लेकर गंभीर है और जल्द ही चिकित्सा सुविधा पूर्व की भांति सुचारू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बकाया भुगतान एवं तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए विभाग स्तर पर कार्यवाही तेज कर दी गई है। प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि यदि शीघ्र सकारात्मक परिणाम नहीं मिले तो महासंघ को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। प्रतिनिधिमंडल में सर्वश्री सुरेश नारायण शर्मा, नरपत सिंह, प्रहलाद अग्रवाल, अजयवीर सिंह एवं शशि शर्मा शामिल रहे।
