Saturday, April 4, 2026
Homeराजस्थानजयपुर के नये जिला कलेक्टर नायक ने किया पदभार ग्रहण 

जयपुर के नये जिला कलेक्टर नायक ने किया पदभार ग्रहण 



जयपुर, 2 अप्रैल। जिला कलेक्टर संदेश नायक ने गुरुवार को जयपुर जिला कलेक्टर का पदभार ग्रहण किया। निवर्तमान जिला कलेक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने उन्हें औपचारिक रूप से कार्यभार सौंपा। पदभार संभालने के बाद नायक ने कहा कि जयपुर जैसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील जिले की जिम्मेदारी संभालना उनके लिए गर्व के साथ-साथ एक बड़ी चुनौती भी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जिला प्रशासन की समर्पित टीम के सहयोग से राज्य सरकार एवं केन्द्र सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुड गवर्नेंस केवल एक अवधारणा नहीं, बल्कि उसे धरातल पर उतारना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आमजन को राहत पहुंचाना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है। इसी क्रम में जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं परिणामोन्मुखी बनाया जाएगा, ताकि प्रत्येक परिवेदना का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित हो सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन के साथ संवाद को प्राथमिकता दें और संवेदनशीलता के साथ उनकी समस्याओं का समाधान करें। प्रशासनिक कार्यप्रणाली में तकनीकी नवाचारों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देकर पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यक्षमता में वृद्धि की जाएगी। ई-फाइल प्रणाली सहित विभिन्न आईटी आधारित व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, जिससे निर्णय प्रक्रिया में गति आएगी और अनावश्यक विलंब को रोका जा सकेगा।

नायक ने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की प्रारंभिक समीक्षा की और आपसी समन्वय, टीम भावना तथा परिणामोन्मुखी कार्यशैली अपनाने पर जोर दिया। इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती प्रतिभा वर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) श्रीमती विनीता सिंह, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (चतुर्थ), आशीष कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular