जयपुर, 25 मार्च | श्री हनुमन्त शोभायात्रा समिति जयपुर द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी रुद्र अवतारी अजर-अमर भगवान हनुमान के जन्म दिवस के उपलक्ष पर विशाल शोभायात्रा शुक्रवार, 03 अप्रैल को सायंकाल सांगानेरी गेट स्थित हनुमानजी के मंदिर से निकाली जाएगी । शोभा यात्रा का सर्वप्रथम निमंत्रण आज परकोटा गणेश मंदिर में समिति के पदाधिकारी ने भगवान गणेश की पूजा अर्चना कर दिया । महंत अमित शर्मा ने माला दुपट्टा प्रसाद देकर समिति के लोगों का सम्मान किया । समिति के धुव्रदास अग्रवाल, शंकर लाल अग्रवाल, घनश्याम मंत्री, सोहन लाल ताम्बी, वीर कुमार जैन ने गणेश महाराज की विशेष पूजा अर्चना कर गणेश निमंत्रण दिया । शोभायात्रा सांगानेरी गेट हनुमान मंदिर से रवाना होकर जौहरी बाजार, बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़, किशनपोल बाजार, इंदिरा बाजार, खजाने वालों के रास्ते होती हुई चांदपोल दरवाजे स्थित भगवान श्री हनुमानजी महाराज के मंदिर पहुंचेगी ।
