जयपुर, 25 अगस्त | आज प्रान्तीय नल मजदूर यूनियन इंटक जिला जयपुर के नेतृत्व में भारी संख्या में जलदाय कर्मचारियों ने एकत्रित होकर गांधी नगर स्थित अतिरिक्त मुख्य अभियंता कार्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी करते हुए 15 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। इस मौके पर जिला अध्यक्ष ताराचंद सैनी, वृत्त अध्यक्ष मोहनलाल वर्मा, जिला महामंत्री रामधन सैनी, जिला उपाध्यक्ष रामनिवास सैनी एवं यूथ अध्यक्ष विनोद कुमार मीणा ने बताया कि जलदाय विभाग में तकनीकी कर्मचारी लंबे समय से गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं। कई बार अभियंताओं को अवगत करवाने के बावजूद समाधान न होने से आज मजबूरन संगठन द्वारा यह विरोध किया गया।
विरोध के दौरान जयपुर शहर के सभी अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता एवं अधीक्षण अभियंता से वार्ता की गई। अतिरिक्त मुख्य अभियंता सुधांशु दीक्षित ने समस्याओं पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए और संगठन को आश्वस्त किया कि 10 दिनों के भीतर सभी समस्याओं का निवारण किया जाएगा। सगठन की मुख्य मांगो में सभी पदों पर लंबित डीपीसी तुरंत आयोजित की जाए। राजकीय आवासो एवं पम्प हाउसो की मरम्मत शीघ्र कराई जाए।अपात्रित स्टोर मुंशियों को पात्रित किया जाए।पम्प हाउसों पर कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाए तथा विभाग में नई भर्ती की जाए। विभाग में पद के अनुरूप ही कर्मचारियों से कार्य लिया जाए। संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय-सीमा में मांगों का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
