जयपुर, जून | उदयपुर के आरएनटी मेडिकल कॉलेज हॉस्टल में घटी दुखांतिका के चलते आज भी सेवारत चिकित्सकों का विरोध प्रदर्शन जारी रहा। साथ ही प्रदेश भर में अरिस्दा की जिला एवं ब्लॉक इकाईयों ने जिला कलेक्टर और उपखण्ड अधिकारियों के माध्यम से मुख्यमंत्री को इस बाबत ज्ञापन सौंपा। अरिस्दा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय चौधरी ने बताया कि असंवेदनशील मेडिकल कॉलेज प्रशासन के खिलाफ हमारा विरोध प्रदर्शन दिवंगत चिकित्सक डॉ रवि शर्मा को न्याय मिलने एवं घटना के दोषियों के विरुद्ध कार्यवाही होने तक जारी रहेगा।उन्होंने कहा कि युवा चिकित्सक की प्रशासनिक लापरवाही से हुई असामयिक मृत्यु अत्यंत दुखदायी है। साथ ही उन्होंने चिंता व्यक्त की कि यदि दोषियों को उदयपुर मेडिकल कॉलेज से नहीं हटाया गया तो वे जांच को प्रभावित कर सकते हैं।इसी क्रम में आज राज्य के सभी ज़िलों में सेवारत चिकित्सकों द्वारा वहाँ के जिला कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम से ज्ञापन सौंपे गए। साथ ही राज्य के सभी ब्लॉक पर कार्यरत सेवारत चिकित्सकों द्वारा वहाँ के उपखण्ड अधिकारियों को ज्ञापन दे कर अपने दिवंगत साथी को न्याय दिलाने हेतु मुख्यमंत्री से त्वरित संज्ञान लेने हेतु अपील की गयी।
जयपुर में राज्य के स्वास्थ्य निदेशालय में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के निदेशक (जन स्वास्थ्य) और जयपुर ज़िला कलेक्ट्रेट में अतिरिक्त ज़िला कलेक्टर को अरिस्दा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय चौधरी, उपाध्यक्ष डॉ नरोत्तम शर्मा, डॉ एसएन धौलपुरिया, अरिस्दा की जयपुर इकाई के अध्यक्ष डॉ वीपी मीणा के नेतृत्व में सेवारत चिकित्सकों के प्रतिनिधिमंडल द्वारा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मुख्यमंत्री जी से डॉ रवि शर्मा के परिवार को उचित मुआवजा तथा इस घटना के जिम्मेदारों को दंडित करने हेतु मांग की गई है।
