जयपुर, 22 जून। उदयपुर के आर एन टी मेडिकल कॉलेज छात्रावास में घटित दुखांतिका और उसके पश्चात मेडिकल कॉलेज प्रशासन की असंवेदनशीलता स्तब्ध कर देने वाली है। सेवारत चिकित्सक डॉ रवि शर्मा की हॉस्टल के वाटर कूलर में करंट के कारण दुखद अकाल मृत्यु हो गई। राजकीय मेडिकल कॉलेजों के हॉस्टलों में रखरखाव की स्थिति किसी से छुपी नहीं है , इनमें कहीं पर झड़ता प्लास्टर, झूलते बिजली के तार, ब्लॉक हुए शौचालय जिनसे निरंतर अबाध रूप से बहता गंदा पानी, टूटी खिड़कियां आदि का दृश्य हर मेडिकल हॉस्टल की नियति बन चला है और इनको दुरस्त करवाने के लिए जिम्मेदारों में कोई इच्छा शक्ति भी प्रतीत नहीं होती है।राजस्थान राज्य के सभी मेडिकल हॉस्टलों की यही कहानी है। हाल की ये दुखांतिका भी इसी उदासीनता और लापरवाही का परिणाम है। एक चिकित्सक की जान चली गयी, ये अत्यंत खेदजनक और दुखद है। और उस पर भी मेडिकल कॉलेज प्रशासन की असंवेदनशीलता की पराकाष्ठा है कि उक्त मृत्यु को करंट लगने से होना मानने की बजाय कोई अन्य ही कारण दे कर उनके द्वारा मामले को रफा दफा करने का प्रयास किया जा रहा है।
यह आपराधिक रवैया राज्य के सेवारत चिकित्सकों को कतई स्वीकार्य नहीं है और इस आपराधिक कृत्य की उच्चतम स्तर से जांच करवा कर दिवंगत डॉ रवि शर्मा को न्याय मिलने तक हमारा विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। राज्य के सभी सेवारत चिकित्सक कल दिनांक 23.6.25 सोमवार से दिवंगत साथी को न्याय मिलने तक काली पट्टी बांध कर कार्य करते हुए अपना विरोध प्रदर्शन करेंगे । दिनांक 24.6.25 मंगलवार को राज्य के सभी ज़िलों में ज़िला कलेक्टर तथा सभी ब्लॉक में उपखंड अधिकारी के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री के नाम इस बाबत ज्ञापन देंगे। जल्द कार्यवाही नहीं होने पर राज्य अरिस्दा कोर कमेटी, ज़िला संघों से विचार विमर्श कर आंदोलन को ओर अधिक व्यापक रूप देंगे।
