जयपुर, 9 दिसम्बर | गोविन्द देवजी मंदिर में 12 दिसम्बर को व्यंजन द्वादशी उत्सव मनाया जायेगा | मंदिर के सेवाधिकारी मानस गोस्वामी ने बताया कि व्यंजन द्वादशी को मंदिर महंत अंजन गोस्वामी के सानिध्य में ठाकुर श्री गोविन्द देवजी की विशेष उत्सव झांकी के दर्शन होंगे | जिसका समय दोपहर 12 से 12.30 बजे तक रहेगा | इस झांकी में ठाकुर श्री गोविन्द देवजी को 25 प्रकार के कच्चा भोग व्यंजन तथा छप्पन भोग ग्रहण कराते हुए दर्शन होंगे | व्यंजन द्वादशी के भोग में खिचड़ा, बड़े और राधा रानी का प्रिय अरबी भोग मुख्य रहेंगे | कुल भोग की संख्या करीबन 100 होगी |
दर्शनार्थियों को करीब सौ किलो विशेष खीचड़े का प्रसाद मंदिर कार्यालय के बाहर राजभोग झांकी के बाद वितरित किया जायेगा | विशेष झांकी के चलते राजभोग झांकी के दर्शन होना संभव नहीं होगा अन्य झाकियों का समय यथावत रहेगा |
मगला झांकी के बाद ठाकुर श्रीजी का वैदिक मंत्रोचारण के साथ पंचामृत अभिषेक किया जायेगा | नवीन पीली केसरिया पोशाक और अंगरखी पोशाक धारण कराई जाएगी | साथ ही विशेष अंलकार से श्रृंगार किया जायेगा | इस दिन ठाकुर श्री जी के हाथो में दस्ताने, श्री चरणों में मोज़े, गुलीबंद धारण कराया जायेगा साथ ही गर्भगृह में अंगीठी की सेवा प्रारभ हो जाएगी |