जोधपुर । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार पर जोरदार प्रहार करते हुए कहा कि राजस्थान में सरकार नहीं माफियागीरी चल रही है। चारो और राज्य में अराजकता पनप रही है। उन्होंने जनसमूह को अयोध्या आने का निमंत्रण देते हुए कहा कि आप अयोध्या आना चाहें तो गजेंद्र सिंह आपके आने की व्यवस्था करेंगे। भाजपा के तीनों प्रत्याशियों को विजयी बनाएं और सभी भक्त अयोध्या आएं।
जोधपुर शहर से भाजपा प्रत्याशी अतुल भंसाली, सरदारपुरा से महेंद्र सिंह राठौड़ और सूरसागर से देवेंद्र जोशी के समर्थन में जनसभा में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राजस्थान सरकार सुरक्षा नहीं दे सकती। महिलाओं को सम्मान और गरीब को कल्याण नहीं दे सकती। विकास योजना नहीं दे सकती। आस्था को भी सम्मान नहीं दे सकती। रामनवमी के जुलूस पर रोक लगाती है। जोधपुर में एक वर्ष पहले संत की उपद्रवियों ने हत्या कर दी थी। सरकार ने कोई सुनवाई नहीं की। ऐसी ही घटनाएं भरतपुर, अलवर और हर जिले में दिखाई दीं। ये कर्फ्यू और दंगों वाली सरकार है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक के जरिए युवाओं के साथ खिलवाड़ किया गया है, जबकि यहां के मंत्री गजेंद्र सिंह देश को साफ पानी पिला रहे हैं, उन्हें जिताकर आपने कांग्रेस को पानी पिला दिया था।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जोधपुर में 2 साल पहले सड़कों पर तलवारें लहरा रही थीं, दंगाई दंगे कर रहे थे। ये दंगाई अगर यूपी में होते तो मेरा बुलडोजर इन्हें ठीक कर देता। वह कैसा नंगा तांडव था? ये मैंने जोधपुर में देखा। तब सरकार मौन थी। ये वोटबैंक के नाम पर अराजकता फैलाने की चोट कब तक होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार तुष्टिकरण करती है। सिर्फ एक ही समुदाय के हित की बात करती है। कांग्रेस ऐसा करेगी तो गरीब, आदिवासी, पिछड़े, किसान और युवा कहां जाएंगे?
उन्होंने कहा कि भाजपा ने आधी आबादी को राजनीति में आरक्षण दिया है। तीन तलाक को ताला लगाया है। गरीब कल्याण की योजनाएं प्रभावी ढंग से लागू की हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में 12 करोड़ टॉयलेट बनवाए। 4 करोड़ गरीबों के लिए आवास बनवाए। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने 7 करोड़ परिवारों तक नल का जल पहुंचाया। भाजपा की उज्ज्वला योजना में 9 करोड़ महिलाओं को लाभ हुआ। सौभाग्य योजना में बिजली कनेक्शन दिए। यह सब करने में भाजपा ने जाति महजब का भेदभाव नहीं किया। हम गांव, गरीब, किसान, युवा और समाज के लिए काम करते हैं। इसलिए मोदी ने कहा सबका साथ सबका विकास। केंद्र की भाजपा सरकार ने 100 से अधिक गरीब कल्याण की योजनाएं चलाईं। देश में रेलवे, सड़क, मेडिकल और शिक्षा के क्षेत्र में विश्व स्तरीय इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार किया है, जबकि कांग्रेस ने 5 साल में राजस्थान को भ्रष्टाचार और दंगों में नंबर वन बना दिया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आपकी आस्था का सम्मान सिर्फ भाजपा सरकार ही कर सकती है। कांग्रेस के लोग कहते थे कि राम मंदिर नहीं बन सकता। तब हमने नारा लगाया था रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे। हमने मंदिर बनवा दिया। 22 जनवरी 2024 को मोदी के हाथों रामलला अपने मंदिर में विराजमान होंगे। अगर आप अयोध्या आना चाहें तो गजेंद्र सिंह शेखावत आपके आने की व्यवस्था करेंगे। भाजपा के तीनों प्रत्याशियों को विजयी बनाएं और सभी भक्त अयोध्या आएं।
