जयपुर, 12 सितम्बर। कांग्रेस कमेटी के मीडिया एवं पब्लिसिटी विभाग के चेयरमेन पवन खेड़ा ने आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, जयपुर पर प्रेस वार्ता को संबोधित करते बताया कि राजस्थान सरकार के कार्यकाल के पौने पाँच साल पूर्ण होने पर प्रदेश की जनता से किये गये 94 प्रतिशत वादे राजस्थान की लोक कल्याणकारी सरकार ने वैश्विक महामारी, लॉक डाउन, चरमराती अर्थव्यवस्था के बावजूद पूरे कर लिये | उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर सरकार को अपने कार्यों का बहीखाता जनता के समक्ष सार्वजनिक करना चाहिये क्योंकि जिस सरकार के पास दिखाने को कुछ होता है, वही सरकार अपना बहीखाता सार्वजनिक करती है, किन्तु जिस सरकार के पास दिखाने को कुछ नहीं होता, ऐसी केंद्र की भाजपा सरकार रोज नये विवाद उत्पन्न करती है।
खेड़ा कहा कि भाजपा की केन्द्र सरकार के पास जनता को बताने के लिए कोई उपलब्धि नहीं है केन्द्र सरकार के पास अपने कार्यों का लेखा-जोखा सार्वजनिक करने की हिम्मत, नीयत व क्षमता नहीं है तथा कुछ दिखाने के लिये नहीं है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की गहलोत सरकार ने प्रदेश के हर वर्ग के दिल को छुआ है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में जो कार्य हुए हैं वह दिल से हुए हैं। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि भाजपा के प्रदेश में जितने नेता मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं, सभी के समक्ष चुनौती है कि एक दुल्हा तय कर कांग्रेस सरकार द्वारा किये गये कार्यों पर बहस के लिए भेजें, क्योंकि कांग्रेस राजस्थान में किये गये जनकल्याणकारी कार्यों पर बहस करने के लिये तैयार है।
खेड़ा ने कहा कि राजस्थान सरकार ने महिला, किसान, बुजुर्ग, नौजवान सहित हर वर्ग के लिये कार्य किये हैं सबसे महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि जब देश और प्रदेश की जनता महंगाई एवं चरमराती अर्थव्यवस्था से आहत हुई तो राजस्थान की कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की जनता को राहत देने का कार्य किया। कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की जनता को राहत प्रदान करने व लोक कल्याणकारी योजनाएं लागू करने में भाजपा नेताओं की तरह वैश्विक महामारी का बहाना नहीं बनाया और जनकल्याणकारी योजनाएं बनाने का कार्य किया। कांग्रेस सरकार के दिल में प्रदेश के हर वर्ग के लिये स्थान है। मुख्यमंत्री चिरंजीवी योजना, ओल्ड पेंशन स्कीम सहित अन्य लाभकारी योजनाओं के रूप में सामने है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में लागू जनकल्याणकारी योजनाओं के अवलोकन से स्पष्ट है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री गहलोत प्रदेश की जनता के कल्याण हेतु संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार द्वारा किये गये कार्यों की बदौलत आज कांग्रेस के नेता एवं कार्यकर्ता प्रदेश की जनता से आंख मिलाकर वोट मांग सकते हैं, क्योंकि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने अपना कर्तव्य पूरा किया है। उन्होंने कहा कि अब तो संघ व भाजपा के नेता भी दबी जुबान से मानने लग गये हैं कि राजस्थान में रिवाज बदलेगा क्योंकि कांग्रेस ने काम किया है, इसलिये प्रदेश में पुन: कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान प्रदेश ने हमेशा देश को नई राह दिखाई है, केन्द्र सरकार रोज नये विवाद खड़े करती है, जबकि राजस्थान सरकार संवाद में विश्वास रखती है, इसलिये चुनावों में जनता से किये गये 94 प्रतिशत वादे अब तक राजस्थान की सरकार पूरे कर चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीयत स्पष्ट रूप से जनकल्याण की है, इसलिये राजस्थान की जनता प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों में पुन: कांग्रेस को विजयी बनायेगी।
