बाड़मेर | 23 अगस्त शाम को चांद पर चंद्रयान-3 ने साउथ पोल पर लैंडिंग कर इतिहास रच दिया। भारत चांद के दक्षिणी ध्रुव पर कामयाब लैंडिग करने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। देश भर में भारत के लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं है। राजधानी से लेकर बॉर्डर तक खुशी से लोग झूम रहे हैं। एक-दूसरे को बधाइयां दे रहे हैं। इधर बाड़मेर निवासी एनआरआई प़ृथ्वीसिंह कोलू ने इसरो के वैज्ञानिकों को 1 करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि की घोषणा की।
दरअसल बाड़मेर के कोलू गांव निवासी और एनआरआई पृथ्वीराज सिंह ने इसरो के वैज्ञानिकों को एक करोड़ रुपए का प्रोत्साहन देने की घोषणा की है। पृथ्वीराज ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान केंद्र के महत्वपूर्ण मिशन चंद्रयान-3 के चन्द्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सकुशल उतरने पर भारतीय वैज्ञानिकों की कामयाबी को मिसाल मानते हुए यह घोषणा की है।
उन्होंने कहा देश ही नहीं, विदेश में भी सभी भारतीयों का सीना गर्व से चौड़ा हुआ है। पृथ्वीराज की कंपनी प्रकाश पंप मिडिल ईस्ट (अरब देश) में है। पृथ्वीराज ने इससे पूर्व कवास में आई बाढ़ में बाड़मेर के लोगों की बड़ी मदद की थी। कोरोनाकाल में उन्होंने अत्याधुनिक एक्स-रे मशीन व 2 करोड़ 50 लाख की लागत से न्यू टेक्नोलॉजी का आईसीयू वार्ड भी बनवाया और सरकारी हॉस्पिटल को भेंट किया। राम मंदिर निर्माण में भी पृथ्वीराज ने एक करोड़ रुपए भेंट किए। भामाशाह के तौर पर वे लगातार इलाके के लिए मददगार रहे हैं।
