जयपुर, 7 नवम्बर । पंचायत चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने बस्सी क्षेत्र में अपनी चुनावी तैयारियों को गति देते हुए कार्यालय उद्घाटन एवं चुनावी सभा का आयोजन किया। प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती के साथ चुनावी मैदान में उतरने तथा अधिक से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री एवं लोकसभा सांसद प्रत्याशी कन्हैया लाल मीणा, पूर्व आईएएस एवं विधानसभा प्रत्याशी चंद्रमोहन मीणा और भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश गुर्जर उपस्थित रहे। इनके साथ जिला परिषद वार्ड 42 की प्रत्याशी मुक्ता बैरवा, पंचायत समिति प्रभारी बस्सी आलोक पारीक एवं संयोजक श्याम सिंह ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय, जनसंपर्क और संगठनात्मक एकजुटता के साथ चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में दक्षिण मंडल से पवन जोशी, पश्चिम मंडल से श्रवण मीणा, नगर मंडल से जगदीश बढ़िया सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, मंडल पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य एवं स्थानीय वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे। बस्सी पंचायत समिति प्रभारी आलोक पारीक ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य पंचायत चुनाव में अधिक से अधिक सीटों पर जीत हासिल करना है। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पूरी ताकत से जुटने का संकल्प दिलाया गया है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की मेहनत और आमजन के बीच बेहतर संपर्क के माध्यम से भाजपा को मजबूती के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
