जयपुर, 4 नवम्बर| पंचायत चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने बस्सी क्षेत्र में अपनी चुनावी तैयारियों को गति देते हुए पंचायत समिति सदस्य चुनाव के प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। प्रदेश कार्यालय की ओर से बस्सी पंचायत समिति चुनाव की जिम्मेदारी पार्टी के प्रभारी आलोक पारीक को सौंपी गई है। प्रदेश महामंत्री श्रवण बागड़ी ने आलोक पारीक को पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के सिंबल सौंपे। इसके बाद प्रभारी आलोक पारीक ने बस्सी पहुंचकर रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष भाजपा प्रत्याशियों की सूची और पार्टी सिंबल प्रस्तुत किए। इस दौरान पंचायत समिति सदस्य चुनाव के प्रत्याशी चंद्रमोहन मीणा और भाजपा मंडल अध्यक्ष जगदीश बड़िया भी उनके साथ मौजूद रहे।
भाजपा की ओर से रिटर्निंग अधिकारी को सौंपी गई सूची में पंचायत समिति सदस्य चुनाव के लिए 25 वार्डों के प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं। सूची में रामफूल शर्मा, मधु शर्मा, कल्याण सहाय मीणा, विकास कुमार शर्मा, छाजूराम महावर, लालूराम शर्मा, नंदिता मीणा, बबीता, लालाराम मीणा, फूलचंद बलाइ, अशोक चावला, सागर कुमारी, ओमप्रकाश शर्मा, गुड्डी गंवरिया, बालूराम मीणा, मोहन शर्मा, निहारिका मीणा, पार्वती, राजू देवी, पूनम मीणा, गिरिज प्रसाद शर्मा, अनोखी देवी, हिमानी जैन, नैना मीणा और अनिल कुमार सैनी के नाम शामिल हैं। पार्टी की ओर से सूची सौंपे जाने के साथ ही बस्सी में पंचायत चुनाव की राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। अब भाजपा प्रत्याशी अपने-अपने वार्डों में चुनावी गतिविधियों को गति देने में जुटेंगे। प्रदेश कार्यालय की ओर से आलोक पारीक को दी गई जिम्मेदारी को संगठन की चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
