सिरोही, 4 अगस्त । जिला साइकिलिंग संघ, सिरोही की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए आयोजित आमसभा एवं निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं निर्विरोध संपन्न हुई। इस चुनाव में वर्ष 2026–2030 के लिए नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। निर्वाचन प्रक्रिया का संचालन निर्वाचन अधिकारी वीरेन्द्र सिंह ने किया, जबकि राजस्थान साइक्लिंग संघ की ओर से नियुक्त ऑब्जर्वर ओ.पी. विश्वकर्मा ने संपूर्ण प्रक्रिया का पर्यवेक्षण किया।निर्वाचन के दौरान जिला ओलम्पिक संघ के प्रतिनिधि, कार्यकारी समिति के संयोजक एवं जिला खेल अधिकारी श्याम लाल बुनकर सहित संबद्ध क्लबों के अधिकृत प्रतिनिधि उपस्थित रहे। आमसभा में संगठन के विभिन्न विषयों पर चर्चा के बाद नई कार्यकारिणी का निर्वाचन निर्विरोध संपन्न हुआ।
निर्वाचन अधिकारी वीरेन्द्र सिंह ने निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत अध्यक्ष पद पर अश्विनी धनावत, सचिव पद पर अधिवक्ता रितेश शर्मा, संयुक्त सचिव पद पर राहुल त्रिपाठी एवं पूरन सेन, कोषाध्यक्ष पद पर संजय पटेल तथा कार्यकारिणी सदस्य के रूप में प्रवीण सेन एवं अरविन्द सिंह के निर्वाचित होने की घोषणा की।नवनिर्वाचित सचिव रितेश शर्मा ने सभी संबद्ध क्लबों, प्रतिनिधियों एवं साइक्लिंग परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई कार्यकारिणी टीम भावना, पारदर्शिता एवं खेल भावना के साथ कार्य करेगी। उन्होंने बताया कि संघ की प्राथमिकता जिले में साइकिलिंग को गांव-गांव तक पहुंचाना, युवाओं एवं महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना, नियमित प्रशिक्षण शिविर आयोजित करना तथा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना रहेगा।
