Tuesday, August 4, 2026
Homeराजस्थानरसोइयों एवं चौकीदारों के हित सुरक्षित रहेंगे न्यायालय के आदेशों की होगी...

रसोइयों एवं चौकीदारों के हित सुरक्षित रहेंगे न्यायालय के आदेशों की होगी पूर्ण पालना


जयपुर, 04 अगस्त । अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) के प्रदेशाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में राजस्थान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के छात्रावास अंशकालीन चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने निदेशक एवं संयुक्त शासन सचिव ललित कुमार को विभागीय छात्रावासों में कार्यरत अंशकालीन रसोइयों एवं चौकीदारों की विभिन्न मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में वर्षों से सेवाएं दे रहे कर्मचारियों को उनके पदों से नहीं हटाने, रिक्त पदों पर समायोजन करने तथा नियमितीकरण की कार्यवाही शीघ्र प्रारम्भ करने की मांग की गई। निदेशक को अवगत कराया कि विभागीय छात्रावासों में कार्यरत अंशकालीन रसोइये एवं चौकीदार पिछले 20–30 वर्षों से निरंतर सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे कर्मचारियों के हितों की रक्षा करते हुए उन्हें न्यायालय के आदेशों एवं विभागीय नियमों के अनुरूप सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए।

निदेशक ललित कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि अंशकालीन रसोइयों एवं चौकीदारों के स्थान पर किसी भी प्रकार से सहायक कर्मचारियों को नहीं लगाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि माननीय न्यायालयों द्वारा पारित सभी आदेशों एवं निर्णयों की पूर्ण पालना सुनिश्चित की जाएगी, जिससे कर्मचारियों के वैधानिक अधिकार सुरक्षित रहेंगे। प्रदेशाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह राठौड़ ने निदेशक द्वारा दिए गए सकारात्मक आश्वासन का स्वागत करते हुए कहा कि कर्मचारी वर्ग को विश्वास है कि विभाग शीघ्र ही इन आश्वासनों को अमल में लाएगा तथा वर्षों से सेवा दे रहे अंशकालीन कर्मचारियों के साथ न्याय सुनिश्चित करेगा। इस दौरान राजस्थान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अंशकालीन रसोइया-चौकीदार कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष सीताराम धाभाई, पूर्व मंत्री मनोज भारती तथा अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) के अजयवीर सिंह, रिंकू यादव, शशि शर्मा एवं ओमप्रकाश चौधरी सहित प्रदेशभर से आए लगभग सैकड़ों कर्मचारियों ने भाग लिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular