जयपुर, 4 अगस्त | आम आदमी पार्टी की प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति पाठक ने आज जयपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में घोषणा की कि आम आदमी पार्टी राजस्थान में होने वाले आगामी नगर निगम चुनाव पूरी मजबूती, संगठनात्मक क्षमता और जनसमर्थन के साथ लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी केवल चुनाव लड़ने नहीं, बल्कि नगर निगमों में ईमानदार, पारदर्शी, जवाबदेह और भ्रष्टाचार-मुक्त शासन स्थापित करने के संकल्प के साथ जनता के बीच जाएगी। पार्टी प्रत्येक वार्ड में स्थानीय समस्याओं, जनसुविधाओं और विकास के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी तथा योग्य, स्वच्छ छवि और जनता के बीच सक्रिय उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारेगी।
पाठक ने कहा कि प्रदेशभर में संगठन को वार्ड स्तर तक मजबूत किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जनसंपर्क अभियान तेज करने, घर-घर पहुंचकर पार्टी की नीतियों और कार्यों को जनता तक पहुंचाने तथा स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्ष करने के निर्देश दिए गए हैं। इस अवसर पर जयपुर जिला अध्यक्ष अमित दाधीच ने कहा कि जयपुर सहित पूरे प्रदेश में संगठन पूरी तरह चुनावी तैयारी में जुट चुका है। प्रत्येक वार्ड में संगठन का विस्तार, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी तथा जनसमस्याओं के समाधान को लेकर विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने प्रदेश के सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं समर्थकों से आह्वान किया कि वे संगठन को बूथ और वार्ड स्तर तक सशक्त बनाते हुए आगामी नगर निगम चुनाव में ऐतिहासिक प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ कार्य करें।
