जयपुर, 2 अगस्त। पीएचईडी स्पोर्ट्स क्लब एवं प्रान्तीय नल मजदूर यूनियन (इंटक) के संयुक्त तत्वावधान में जलदाय फेडरेशन इंटक के प्रथम प्रदेशाध्यक्ष, श्रमिक जगत के प्रेरणास्रोत एवं लोकप्रिय कर्मचारी नेता स्वर्गीय मांगीलाल शर्मा की 33वीं पुण्यतिथि पर विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर एवं श्रद्धांजलि सभा का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों कर्मचारी नेताओं, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रक्तदान शिविर में करीबन 245 यूनिट रक्त संग्रहित हुआ, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी साबित होगा।
इस अवसर पर आयोजन समिति एवं संघ के प्रदेशाध्यक्ष संजय सिंह शेखावत, कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष बाबूलाल शर्मा, महामंत्री राजेन्द्र सिंह सोलंकी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रघुवीर सिंह शेखावत, जिला अध्यक्ष ताराचन्द सैनी, विधि सलाहकार मुकेश कुमार माथुर, जलदाय यूथ इंटक के प्रदेशाध्यक्ष अजीत सिंह शेखावत तथा प्रदेश प्रवक्ता विजय सिंह ने बताया कि स्व. मांगीलाल शर्मा के सेवा, संघर्ष और कर्मचारी हितों के आदर्शों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष उनकी पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान कर मानव सेवा का अनुकरणीय संदेश दिया।
कार्यक्रम में हवामहल विधायक बालमुकुंद आचार्य, पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, राजस्थान इंटक के प्रदेशाध्यक्ष जगदीश राज श्रीमाली, पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, पूर्व सांसद रामचरण बोहरा, पूर्व महापौर ज्योति खंडेलवाल, राजापार्क पार्षद स्वाति परनामी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने सहभागिता निभाई। सभी अतिथियों ने रक्तदाताओं को प्रशंसा-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा इस जनसेवा अभियान की मुक्तकंठ से सराहना की।कार्यक्रम का समापन स्वर्गीय मांगीलाल शर्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने एवं उनके बताए सेवा, संघर्ष और संगठन के मार्ग पर चलने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
