जयपुर, 5 फरवरी।राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान द्वारा अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में स्वर्ण जयंती समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत आज राष्ट्रीय स्तर की तीन दिवसीय शल्य तंत्र (शल्यकोन) कार्यशाला का शुभारंभ से किया गया।
संस्थान के कुलपति प्रो. संजीव शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि स्वर्ण जयंती समारोह के इस ऐतिहासिक अवसर पर 9 फरवरी को मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा एवं केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)भारत सरकार प्रताप राव जाधव समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पधारेंगे। इस अवसर पर राज्य के वरिष्ठ अधिकारीगण एवं अन्य विशिष्ट अतिथिगण भी उपस्थित रहेंगे। समारोह के दौरान आमजन के स्वास्थ्य हित में राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान द्वारा विकसित विभिन्न आयुर्वेदिक नवाचारों का शुभारंभ किया जाएगा।
स्वर्ण जयंती समारोह के अंतर्गत 5 से 7 फरवरी 2026 तक राष्ट्रीय कार्यशाला ‘शल्यकोन’ का आयोजन नेशनल सुश्रुत एसोसिएशन के तत्वावधान में किया जा रहा है। इस कार्यशाला में देशभर से आए आयुर्वेद शल्य चिकत्सकों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि पद्मश्री प्रोफसर के.के. ठकराल, कुलपति प्रोफेसर संजीव शर्मा, प्रोफेसर प्रसन्ना एन रॉव, डॉ मुकुल पटेल, प्रोफेसर अजय कुमार गुप्ता, शल्य तंत्र विभागाध्यक्ष प्रो. पी. हेमंता, संयुक्त निदेशक जेपी शर्मा ने किया। नेशनल सुश्रुत एसोसिएशन के महासचिव एवं राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के शल्य तंत्र विभागाध्यक्ष प्रो. पी. हेमंता ने बताया कि कार्यशाला में मुख्य अतिथि पद्मश्री प्रोफसर के.के. ठकराल एवं पद्मश्री वैद्य मनोरंजन साहू द्वारा पाइल्स, फिस्टुला सहित अन्य आयुर्वेदिक शल्य चिकित्सा पद्धतियों पर विस्तृत एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की जा रही है। कार्यशाला में देश के विभिन्न राज्यों से 100 से अधिक आयुर्वेद शल्य विशेषज्ञ सहभागिता कर रहे हैं। इसके साथ ही आयुर्वेद एवं शल्य चिकित्सा के क्षेत्र में कार्यरत देश की विभिन्न कंपनियों द्वारा स्टॉल प्रदर्शनी भी लगाई गई है।
